नितिन नबीन ने संभाला बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद, सीएम योगी सहित शीर्ष नेतृत्व ने दी शुभकामनाएं

नितिन नबीन ने संभाला बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद, सीएम योगी सहित शीर्ष नेतृत्व ने दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। नितिन नबीन ने सोमवार को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में विधिवत रूप से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई दी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस मौके पर दिल्ली में मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबीन के नाम का प्रस्ताव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ही रखा था। कार्यभार संभालने के बाद पार्टी नेतृत्व ने इसे संगठन में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की दिशा में अहम कदम बताया।

सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नितिन नबीन

महज 45 वर्ष की उम्र में नितिन नबीन भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने वाले सबसे कम उम्र के नेता बन गए हैं। इससे पहले वे पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वे भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उनसे पहले जे.पी. नड्डा इस पद पर कार्यरत थे। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि नितिन नबीन की नियुक्ति से संगठन में नई ऊर्जा और युवा कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का संदेश जाएगा।

सीएम योगी ने सोशल मीडिया पर दी बधाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नितिन नबीन को बधाई देते हुए अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर लिखा,

“नितिन नबीन जी को भारतीय जनता पार्टी का माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर हार्दिक बधाई। पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन में आप अंत्योदय के पथ पर चलते हुए अपनी निष्ठा और समर्पण से संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे तथा सभी कार्यकर्ताओं में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को और सशक्त करेंगे। आपके उज्ज्वल कार्यकाल के लिए अनंत शुभकामनाएं।”

आगामी चुनाव होंगे पहली बड़ी चुनौती

नितिन नबीन के सामने राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कई अहम चुनावी चुनौतियां होंगी। इस वर्ष पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव उनकी पहली बड़ी परीक्षा माने जा रहे हैं। वहीं 2027 में उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव भी उनके नेतृत्व की दिशा और रणनीति को परखेंगे। इसके अलावा दक्षिण भारत में पार्टी का विस्तार करना भी उनके लिए एक महत्वपूर्ण लक्ष्य होगा।

पीएम मोदी ने भी दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को बधाई देते हुए कहा था कि संगठन में वे उनके ‘बॉस’ हैं और पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यभार ग्रहण समारोह में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।