मुंबई के कांदिवली इलाके में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से बच गया। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर यात्रियों से भरी एक निजी बस में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि चालक और परिचालक की तत्परता के चलते सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यह घटना सुबह करीब 10 बजे कांदिवली पूर्व के समता नगर क्षेत्र में मेट्रो लाइन-7 के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस के आगे के हिस्से से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया। मेट्रो पुल के नीचे जलती बस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें काले धुएं का घना गुबार आसमान में उठता नजर आया।
आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में घबराहट फैल गई। चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को बाहर निकलने के निर्देश दिए। कुछ यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक बस पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
घटना के चलते वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर बोरीवली की ओर जाने वाले मार्ग पर लंबा जाम लग गया। ट्रैफिक पुलिस ने हालात को संभालते हुए यातायात को अस्थायी रूप से डायवर्ट किया और बाद में स्थिति सामान्य की। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की गहन जांच में जुटे हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में किसी के भी गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।