झारखंड के देवघर जिले में एक भीषण रेल दुर्घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। हावड़ा–जसीडीह मुख्य रेल लाइन पर स्थित रोहिणी–नावाडीह रेलवे फाटक के पास तेज रफ्तार ट्रक और ट्रेन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पास से गुजर रही एक मोटरसाइकिल पर जा गिरा, जिससे बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्रक के नीचे दब गई बाइक, हालत नाजुक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन से भिड़ने के बाद ट्रक पलटता हुआ सीधे बाइक पर आ गिरा। बाइक ट्रक के नीचे फंस गई, जिससे उस पर सवार दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक के नीचे से बाइक और घायलों को बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों घायलों की स्थिति फिलहाल गंभीर बनी हुई है।
रेल और सड़क यातायात पूरी तरह बाधित
दुर्घटना के बाद हावड़ा–जसीडीह रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। वहीं रेलवे फाटक पर ट्रक और बाइक का मलबा पड़े होने के कारण सड़क यातायात भी ठप हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
रेलवे और जिला प्रशासन द्वारा क्रेन और भारी मशीनरी की मदद से मलबा हटाने का काम किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द यातायात बहाल किया जा सके।
जांच में जुटी RPF और GRP
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरकर भीड़ नियंत्रित की और राहत-बचाव कार्य को तेज किया। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक लक्ष्य रेलवे ट्रैक को साफ कर ट्रेन परिचालन को फिर से शुरू करना है।
इसके साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि रेलवे फाटक बंद होने के बावजूद ट्रक ट्रैक तक कैसे पहुंचा।
प्रशासन अलर्ट
इस हादसे के बाद रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।