जन जागरण मंच की ओर से किया गया मातृ पितृ पूजन दिवस का आयोजन,कार्यक्रम में सैकड़ों बच्चों ने माता-पिता का किया पूजन

जन जागरण मंच की ओर से किया गया मातृ पितृ पूजन दिवस का आयोजन,कार्यक्रम में सैकड़ों बच्चों ने माता-पिता का किया पूजन

गुरुग्राम :मारुति कुंज स्थित क्षेत्र में रविवार को जन जागरण मंच सामाजिक संस्था की ओर से एक अनोखा प्रेम दिवस अर्थात मातृ-पितृ पूजन दिवस श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों बच्चों एवं बच्चियों ने अपने माता-पिता को मंच पर सम्मानपूर्वक आसन पर बैठाया, उनके चरण स्पर्श किए, तिलक लगाया तथा पुष्पमाला पहनाकर पूजा-अर्चना की। बच्चों ने थाली में दीप, रोली और पुष्प सजाकर विधिवत आरती उतारी और अपने माता-पिता का आशीर्वाद प्राप्त किया।

1771082827_IMG-20260214-WA0023.jpg

इस भावनात्मक दृश्य ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और संस्कारमय बना दिया। अपने बच्चों द्वारा किए गए इस सम्मान से अभिभावक भावुक हो उठे और कई की आंखें नम हो गईं। उन्होंने बच्चों को गले लगाकर उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया। उपस्थित लोगों ने कहा कि भारतीय संस्कृति में माता-पिता को देवतुल्य माना गया है और इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।

संस्था के जिला अध्यक्ष योगेंद्र चौधरी ने बताया कि बापू आशाराम जी की प्रेरणा से वर्ष 2007 से 14 फरवरी को ‘मातृ-पितृ पूजन दिवस’ मनाने की शुरुआत की गई थी। उन्होंने कहा कि आज यह पावन दिवस देश ही नहीं, बल्कि विश्व के अनेक देशों में भी श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से बच्चों में माता-पिता के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और संस्कारों की भावना विकसित हो रही है।

 

कार्यक्रम में उपस्थित प्रमोज कुमार महला ने कहा कि जब से इस दिवस की शुरुआत हुई है, तब से लाखों परिवारों में आपसी प्रेम और सम्मान की भावना मजबूत हुई है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में शामिल सैकड़ों बच्चों ने संकल्प लिया कि वे वेलेंटाइन डे के स्थान पर प्रत्येक वर्ष 14 फरवरी को माता-पिता एवं गुरुजनों के सम्मान के रूप में मनाएंगे।

इस अवसर पर परमोज महला, बुधराम खटाना, अंकुर त्यागी, अभिजीत चौधरी, देवेंद्र कौशिक, गजेन्द्र सिंह, योगेश कुमार शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे सामाजिक जागरूकता और पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

जन जागरण मंच की ओर से गुरुग्राम जिले के सभी विद्यालयों में मातृ-पितृ पूजन दिवस मनाए जाने की मांग को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा गया है। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि इस पहल को प्रशासनिक स्तर पर भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। उनका कहना है कि यदि विद्यालयों में इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएं, तो बच्चों में संस्कार, अनुशासन और पारिवारिक सम्मान की भावना और अधिक सुदृढ़ होगी।

कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित सभी बच्चों और अभिभावकों ने भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का प्रण लिया।