सीरिया के होम्स में जुमे की नमाज के दौरान मस्जिद में विस्फोट, 6 की मौत, दर्जनों घायल

सीरिया के होम्स में जुमे की नमाज के दौरान मस्जिद में विस्फोट, 6 की मौत, दर्जनों घायल

सीरिया के होम्स शहर में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान एक मस्जिद को निशाना बनाकर किए गए जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। इस हमले में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक नमाजी घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

सीरियाई सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, यह विस्फोट होम्स प्रांत के वादी अल-दहब इलाके में स्थित इमाम अली बिन अबी तालिब मस्जिद में हुआ। धमाका उस वक्त हुआ जब मस्जिद के भीतर बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा कर रहे थे।

धमाके से मची अफरातफरी, लोग जान बचाकर भागे

घटना के बाद सामने आए वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि विस्फोट के तुरंत बाद मस्जिद के भीतर अफरातफरी मच गई। लोग दहशत में इधर-उधर भागते नजर आए। कई घायलों को स्ट्रेचर और चादरों में लपेटकर एंबुलेंस तक पहुंचाया गया, जबकि कुछ को स्थानीय लोगों ने खुद बाहर निकाला।

मस्जिद को भारी नुकसान, दीवार में बना गड्ढा

जानकारी के मुताबिक, विस्फोट मस्जिद के मुख्य नमाज हॉल के एक हिस्से में हुआ, जिससे दीवार में गहरा गड्ढा बन गया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मस्जिद के भीतर बिछी नमाज की दरियां फट गईं और चारों ओर मलबा बिखर गया। फर्श पर धार्मिक किताबें और टूटे हुए टुकड़े फैले हुए दिखाई दिए।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हमला या तो आत्मघाती हमलावर द्वारा किया गया या फिर मस्जिद में पहले से विस्फोटक सामग्री रखी गई थी। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इलाके की घेराबंदी, जांच शुरू

हमले के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और जांच एजेंसियां सबूत जुटाने में लगी हुई हैं। फिलहाल किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

सांप्रदायिक तनाव बढ़ने की आशंका

होम्स शहर में अलावाइट, ईसाई और सुन्नी समुदायों की मिश्रित आबादी रहती है। जिस मस्जिद को निशाना बनाया गया है, वह अलावाइट समुदाय से जुड़ी बताई जा रही है। ऐसे में इस हमले के बाद देश में सांप्रदायिक तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

ISIS गतिविधियों की पृष्ठभूमि में हमला

गौरतलब है कि हाल के दिनों में सीरिया में इस्लामिक स्टेट (ISIS) की गतिविधियों में फिर से तेजी देखी जा रही है। हाल ही में सीरियाई सेना ने अलेप्पो के पास एक अभियान में तीन संदिग्ध ISIS आतंकियों को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा, पिछले सप्ताह अमेरिका ने भी सीरिया में ISIS ठिकानों पर हवाई हमले किए थे।

इस हमले ने एक बार फिर सीरिया की सुरक्षा स्थिति और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं