नीति आयोग परिसर की सुरक्षा में अलर्ट, खुद को PMO से जुड़ा बताने वाला शख्स हिरासत में

नीति आयोग परिसर की सुरक्षा में अलर्ट, खुद को PMO से जुड़ा बताने वाला शख्स हिरासत में

राजधानी दिल्ली में स्थित नीति आयोग कार्यालय में शुक्रवार को सुरक्षा एजेंसियां उस वक्त सतर्क हो गईं, जब एक संदिग्ध व्यक्ति ने परिसर में घुसने का प्रयास किया। खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का वाहन चालक बताने वाले इस व्यक्ति को मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने रोककर पूछताछ की।

सूत्रों के मुताबिक, संजीव कुमार नामक व्यक्ति पानी लेने के बहाने नीति आयोग परिसर में प्रवेश करना चाहता था। गणतंत्र दिवस से पहले लागू कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते सुरक्षाकर्मियों को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ।

पहचान पत्र न दिखा पाने पर बढ़ा शक

बताया गया है कि सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात जवानों ने उससे वैध पहचान पत्र और प्रवेश की अनुमति मांगी, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इस दौरान उसके और सुरक्षाकर्मियों के बीच कहासुनी हो गई, जो कुछ देर में धक्का-मुक्की में बदल गई। अतिरिक्त बल के हस्तक्षेप के बाद स्थिति पर काबू पाया गया।

नीति आयोग परिसर संसद मार्ग पर स्थित है और कर्तव्य पथ के नजदीक होने के कारण यहां पहले से ही सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं, क्योंकि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड प्रस्तावित है।

जांच के बाद छोड़ा गया

घटना के बाद व्यक्ति को हिरासत में लेकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने उससे पूछताछ की। उसके PMO से जुड़े होने के दावे की भी जांच की गई। अधिकारियों के अनुसार, मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए जांच की गई और उसके पास से कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।

प्राथमिक पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया, हालांकि आगे की जांच के लिए उसके ड्राइविंग लाइसेंस की फोटो कॉपी सुरक्षित रखी गई है। इस मामले पर दिल्ली पुलिस की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।